कोलकाता पुलिस ने शुक्रवार सुबह अपने एक्स (पूर्व में ट्विटर) हैंडल पर यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों में से पांच को सोशल मीडिया की मदद से पकड़ा गया है।
कोलकाता। आर.जी. कर अस्पताल में बुधवार रात हुए हमले की घटना के बाद, अब तक कुल 24 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। कोलकाता पुलिस ने शुक्रवार सुबह अपने एक्स (पूर्व में ट्विटर) हैंडल पर यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों में से पांच को सोशल मीडिया की मदद से पकड़ा गया है।
इस घटना के बाद कोलकाता पुलिस ने सोशल मीडिया पर कुछ और संदिग्धों की तस्वीरें जारी की है और उनसे जुड़ी जानकारी मांगी है। इसी तरीके से पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया। शुक्रवार को भी पुलिस ने कुछ और संदिग्धों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर जारी कीं। इन तस्वीरों में कुछ लोगों के चेहरे चिन्हित किए गए हैं, और उनके बारे में जानकारी देने की अपील की गई है। पुलिस ने लिखा, "जिनके चेहरे नीचे की तस्वीरों में चिन्हित हैं, उनकी जानकारी हो तो कृपया हमें सीधे या अपने संबंधित थाने के माध्यम से सूचित करें।"
15 अगस्त की रात एक समूह ने आर.जी. कर अस्पताल के आपातकालीन विभाग का गेट तोड़कर अंदर घुसकर तोड़फोड़ की। इस हमले में आपातकालीन विभाग का टिकट काउंटर, हाइब्रिड क्रिटिकल केयर यूनिट (एचसीसीयू), क्रिटिकल केयर यूनिट (सीसीयू), और दवाइयों के भंडार कक्ष को नुकसान पहुंचाया गया। हमलावरों ने अस्पताल के बाहरी क्षेत्र में भी तोड़फोड़ की, जिसमें आर.जी. कर का पुलिस चौकी और आंदोलनकारी छात्रों का मंच भी शामिल था। साथ ही पुलिस वाहनों को भी निशाना बनाया गया और पुलिसकर्मियों पर हमला किया गया।
घटना के कुछ समय बाद बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) को बुलाया गया, जिन्होंने आंसू गैस के गोले दागे, जिससे भीड़ तितर-बितर हो गई। पुलिस ने हमलावरों के एक समूह का पीछा किया, जो अस्पताल के पास के नहर किनारे गलियों में भाग रहे थे। इन हमलावरों ने पुलिस पर भी पत्थरबाजी की, जिसमें कुछ पुलिसकर्मी घायल हो गए।